समाचार सच, रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड ने वर्ष 2026 का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 और छात्रों का 88.03 दर्ज किया गया।
इंटरमीडिएट में कुल 85.11 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे। यहां भी छात्राओं ने बढ़त बनाई, उनका पास प्रतिशत 88.09 रहा, जबकि छात्रों का 81.93 प्रतिशत रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही असफल छात्रों को निराश न होकर दोबारा मेहनत करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है और जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके, वे निराश न हों।
हाईस्कूल टॉपर्स:
हाईस्कूल में रामनगर के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक (98.20%) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर उत्तरकाशी के ईशान कोठारी और नैनीताल की भूमिका पांडे (490 अंक, 98%) संयुक्त रूप से रहे। भूमिका पांडे ने बालिकाओं में टॉप किया। बागेश्वर के योगेश जोशी ने 489 अंक (97.80%) के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस साल हाईस्कूल का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.33 प्रतिशत बेहतर रहा। बागेश्वर जिला 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ पहले स्थान पर रहा। परीक्षा में कुल 1,08,983 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 1,00,373 पास हुए।
इंटरमीडिएट टॉपर्स:
इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और उधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। ऋषिकेश के आर्यन ने 489 अंक (97.80%) के साथ दूसरा और हरिद्वार की वंशिका ने 485 अंक (97%) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इंटर का रिजल्ट भी पिछले साल से 1.88 प्रतिशत बेहतर रहा। बागेश्वर जिला 94.81 प्रतिशत के साथ यहां भी अव्वल रहा। परीक्षा में 1,00,452 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 85,499 पास हुए।
सम्मान सहित उत्तीर्ण 7,814 छात्र (7.77%), प्रथम श्रेणी में 41,507 (41.32%), द्वितीय श्रेणी में 34,987 (34.82%) और तृतीय श्रेणी में 330 (0.32%) परीक्षार्थी रहे।
परीक्षा और व्यवस्थाएं:
इस बार परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध और सुव्यवस्थित रही। पहली बार आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया गया, जिससे छात्रों को सुविधा मिली। प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 156 संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र शामिल थे।
छात्र अब अपना परिणाम स्कूल स्तर पर दिए गए पोर्टल और बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर देख सकते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



