समाचार सच, रुड़की (हरिद्वार)। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो जिंदगियां छीन लीं। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मेरठ के दो युवकों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर सीधे गंगनहर में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 3 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि मोहम्मदपुर झाल के पास एक कार गंगनहर में डूबी हुई है। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर देखा गया कि ग्रे रंग की किया सेल्टोस कार गंगनहर में पूरी तरह डूबी हुई थी।
पुलिस ने तत्काल झाल कर्मियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे दो युवकों को बाहर निकाला गया। दोनों युवक अचेत अवस्था में थे, जिन्हें 108 एम्बुलेंस से रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा और पुनीत (25 वर्ष) पुत्र आशुतोष, निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को गंगनहर से बाहर निकाल लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के चलते गंगनहर की पटरी पर बने मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वाहन के पंजीकृत स्वामी विवेक शर्मा ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक किसी निजी कार्य से रुड़की आए थे। फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर रुड़की क्षेत्र में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



