समाचार सचए देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, छात्र आंदोलनों पर कथित लाठीचार्ज और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक प्रार्थना पत्र जारी कर हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि देशभर के छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। छात्रों की मांग केवल संविधान प्रदत्त अधिकारों के अनुरूप निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर सुनिश्चित करने की है।
दीपक बल्यूटिया ने आरोप लगाया कि अपनी बात रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज, हिरासत और दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों का विश्वास तोड़ा है, जिन्होंने वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की है।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध का जवाब बल प्रयोग से दिया जाएगा तो इससे लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा छात्रों के अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने का आग्रह किया है।
उत्तराखंड कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर छात्रों की आवाज सुनने और देश की परीक्षा प्रणाली में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



