चंपावत के सिमल्टा गांव की घटना, घायल बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती, देर रात वन विभाग ने रेस्क्यू कर गुलदार को पकड़ा
समाचार सच, चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक बेटी की सूझबूझ और साहस ने उसके पिता की जान बचा ली। सिमल्टा गांव में शुक्रवार देर रात एक गुलदार घर के अंदर घुस आया और टीवी देख रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मायके आई बेटी ने बिना घबराए बहादुरी दिखाई और पहले पिता को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया, फिर उसे कमरे के अंदर बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित सिमल्टा गांव निवासी सुरेश चंद्र पांडे (64) रात में भोजन करने के बाद घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर मौके पर पहुंची उनकी बेटी किरण पांडे, जो कुछ दिनों के लिए ससुराल से मायके आई हुई थी, ने साहस का परिचय देते हुए पिता को सुरक्षित बाहर निकाला और गुलदार को घर के भीतर ही बंद कर दिया। उसकी इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर रात गुलदार को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया गया। वन विभाग ने बताया कि गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।
घायल सुरेश चंद्र पांडे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की है कि यदि आबादी के आसपास कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन हर ओर बहादुर बेटी किरण पांडे के साहस की चर्चा हो रही है, जिसने अपनी जान की परवाह किए बिना पिता की जिंदगी बचा ली।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



