उत्तराखण्ड से जयपुर जा रही वोल्वो बनी आग का गोला, 32 यात्रियों की जान बची

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ऋषिकेश से जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें ब्राजील की दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं। राहत की बात यह रही कि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना मंगलवार देर रात बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूताना गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि बस जयपुर की ओर जा रही थी, तभी उसमें अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।

सूचना मिलने पर बहादराबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जबकि दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग की चपेट में आकर बस के पिछले हिस्से में रखा यात्रियों का सामान भी नष्ट हो गया।

यह भी पढ़ें -   शारदीय नवरात्रि 2026: नवरात्रि के सप्तमी मां कालरात्रि की पूजा विधि, मंत्र, आरती और जाने क्या है पौराणिक कथा

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में जली हुई बस को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल: शारदीय नवरात्रि का छठा दिन, मां कात्यायनी की पूजा से पूरी होती हैं मनोकामनाएं

थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

बस में मौजूद ब्राजील की दोनों महिला यात्रियों का कुछ सामान आग में जल गया, लेकिन उनके जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रहे। पुलिस ने उनकी सहायता करते हुए आगे की यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं। दोनों विदेशी महिलाओं ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन का आभार जताया।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440