समाचार सच, नैनीताल। जनपद में 8 अप्रैल 2026 को मौसम के मिजाज के बिगड़ने की संभावना जताई गई है। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
प्रशासन ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी ने लोगों से अनावश्यक आवागमन से बचने और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी रखने को कहा है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। तहसील, आपदा कंट्रोल रूम और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को किसी भी नुकसान की सूचना तत्काल साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और एडीबी को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी भी मोटर मार्ग में बाधा उत्पन्न होती है तो उसे तुरंत सुचारू कराया जाए।
ग्रामीण स्तर तक निगरानी बढ़ाते हुए राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहने को कहा गया है। वहीं पुलिस चौकियों और थानों को भी आपदा प्रबंधन उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को टॉर्च, छाता, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपदा या क्षति की सूचना तुरंत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के फोन नंबर 05942-231178, 231179, 231181, टोल फ्री नंबर 1077 तथा राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 0135-2710335, 2710334 पर अवश्य दें।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



