आपदा से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गृह मंत्रालय की ओर से मॉक ड्रिल

समाचार सच, देहरादून। राज्य के तीन जिलों देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में आज भोपाल गैस कांड जैसी आपदा से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गृह मंत्रालय की ओर से मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान सभी विभागों की सतर्कता देखी गई।
जनपद देहरादून में आज प्रातः10.40 के आसपास भूकंप आया है जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.7 पाई गई। भूकंप का केंद्र जनपद देहरादून का सेलाकुई-विकास नगर आसपास का क्षेत्र पाया गया और भूकंप की फोकल 16 किमी पाई गई। जनपद देहरादून का आईआरएस (इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम) अलर्ट हो गया। जिलाधिकारी देहरादून आशीष कुमार श्रीवास्तव (रिस्पांसिबल ऑफिसर) ने जनपद कंट्रोल रूम में कमान संभाली और जनपद आईआरएस सिस्टम को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। जनपद आपदा कंट्रोल रूम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की गई और तदनुसार राहत एवं बचाव कार्याे के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल पुलिस- प्रशासन सहित वालंटियर तथा स्थानीय सहयोगी कार्मिकों और रेखीय विभागों को बचाव एवं राहत कार्याे के लिए रवाना किया गया। इसी बीच जनपद आपदा कंट्रोल रूम को प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद देहरादून में भूकंप के चलते चार स्थानों पर लिंडे कंपनी सेलाकुई, इंटरनेशनल स्कूल सेलाकुई, क्लेमेंटाउन हिमालयन ड्रग्स और ऋषिकेश एचएनजी कंपनी में गैस का रिसाव तथा आग लगने की घटना भी हुई थी।

उक्त सभी स्थानों पर जनपद आपदा कंट्रोल रूम द्वारा घटना की वस्तु स्थिति के अनुसार राहत एवं बचाव दल तत्काल रवाना किए गए और लोगों को तत्काल राहत दिलाने का प्रयास किया गया। आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। इस दौरान सेलाकुई लिंडे कंपनी में लगभग 20 लोग फंसे थे तथा सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में 20 छात्र-छात्राएं फंसे हुए थे। जिनको रेस्क्यू करते हुए मेडिकल कैंप में भेजा गया। इसके अतिरिक्त क्लिमेंटाउन हिमालयन ट ड्रग्स में गैस रिसाव के चलते कुल 7 लोग प्रभावित हुए और ऋषिकेश एचएनजी कंपनी में गैस रिसाव से 2 लोग बेहोश हुए थे। सेलाकुई में प्रभावित हुए लोगों को देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में, क्लेमेंट टाउन में घायल हुए लोगों को महंत इंद्रेश अस्पताल में तथा ऋषिकेश में घायल हुए लोगों को एम्स में भर्ती किया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा फूड पैक वितरण, चिकित्सा विभाग द्वारा प्राथमिक चिकित्सा, पशुपालन विभाग द्वारा घायल हुए पशुओं का उपचार व लोक निर्माण विभाग, स्थानीय पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा तत्काल यातायात व्यवस्था बहाल करने, विद्युत विभाग द्वारा बाधित विद्युत सप्लाई को चालू करने, जल संस्थान पेयजल निगम द्वारा पेयजल आपूर्ति को बहाल किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। दोपहर मे अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर काबू पा लिया और गैस लीकेज की समस्या पर भी नियंत्रण कर लिया। दूरसंचार व्यवस्थाओं के बाधित होने के चलते सूचनाओं का आदान -प्रदान करने के लिए सेटेलाइट फोन का भी उपयोग किया गया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















