श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा धर्म, ज्ञान और भक्ति का संदेश


समाचार सच, हल्द्वानी। श्री गिरिजा देवी सनातन सेवा समिति, हल्द्वानी के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के सप्तम दिवस पर कथा व्यास डॉ. नवीन चन्द्र जोशी ने श्रद्धालुओं को धर्म, ज्ञान और भक्ति का महत्व बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का विस्तृत वर्णन किया।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि महाभारत युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण ने धर्मराज युधिष्ठिर को विजय दिलाकर यह सिद्ध किया कि जहां धर्म होता है, वहीं श्रीकृष्ण का वास होता है और जहां श्रीकृष्ण होते हैं, वहां विजय निश्चित होती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में ज्ञान प्राप्ति का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से भगवान दत्तात्रेय ने प्रकृति और समाज से प्रेरणा लेते हुए 24 गुरुओं को स्वीकार किया था।
डॉ. जोशी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रद्धापूर्वक श्रवण से आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने राजा परीक्षित का उदाहरण देते हुए बताया कि सप्ताह ज्ञान यज्ञ के श्रवण से उन्हें मोक्ष की प्राप्ति हुई थी।
कथा एवं ज्ञान यज्ञ में क्षेत्रीय विधायक वंशीधर भगत तथा समिति के संरक्षक प्रो. डॉ. एस.डी. तिवारी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी परेश यति महाराज ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है, जिससे केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि समस्त जीव-जगत का कल्याण होता है। उन्होंने बताया कि रविवार को भंडारे के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी।
मुख्य यजमान पान सिंह बिष्ट एवं श्रीमती तुलसी बिष्ट ने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर यज्ञ में सहभागिता निभाई। यज्ञीय अनुष्ठानों का संचालन यज्ञाचार्य आचार्य प्रमोद चन्द्र जोशी, आचार्य गोविन्द बल्लभ जोशी, मंजीत सती, पं. हेम चन्द्र जोशी एवं आचार्य प्रकाश चन्द्र जोशी ने संपन्न कराया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण कर धर्म एवं आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



