समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ रायपुर थाना क्षेत्र के सुंदरवाला में एक 24 वर्षीय युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान शुभम (पुत्र नरेंद्र सिंह) के रूप में हुई है।
घटनाक्रम की सबसे भयावह बात यह रही कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले शुभम ने अपनी पत्नी और मात्र तीन महीने की मासूम बेटी को कमरे के अंदर बंद कर दिया था। इसके बाद उसने घर की खिड़की की ग्रिल के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कंट्रोल रूम की सूचना पर जब पुलिस सुंदरवाला पहुंची, तो परिजनों ने शुभम को फंदे से नीचे उतार लिया था। आपातकालीन सेवा 108 के कर्मियों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया गया है।
शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शुभम पेशे से ड्राइवर था और उसने नवंबर 2024 में ही प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। पुलिस का मानना है कि घरेलू विवाद के चलते ही शुभम ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



