समाचार सच, हल्द्वानी। दिल्ली से भीमताल अपने दोस्त की शादी में शामिल होने आ रहे एक युवक को जहरखुरानों ने रोडवेज बस में निशाना बना लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल और पर्स लूटने के साथ ही उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये का ट्रांजेक्शन भी कर दिया। युवक मंगलवार सुबह काठगोदाम के शीशमहल क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणाई गंगोली (बेरीनाग) निवासी पंकज पांडे वर्तमान में दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में रहकर डिजिटल मार्केटिंग का कार्य करते हैं। वह सोमवार देर रात आनंद विहार से काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस में सवार हुए थे। उन्हें भीमताल में एक मित्र की शादी में शामिल होना था। आशंका है कि यात्रा के दौरान जहरखुरानों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बस स्टाफ ने उन्हें शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया। कुछ देर बाद मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को उन्होंने अपने पिता का फोन नंबर बताया, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर कठघरिया निवासी हिमांशु कांडपाल मौके पर पहुंचे तो पंकज बदहवास हालत में पड़े थे। उन्हें तत्काल कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत में फिलहाल हल्का सुधार बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि बस से उतरते समय युवक गिर पड़ा था, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई और दो दांत भी टूट गए। फुटेज में वह बार-बार उठने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन संभल नहीं पा रहा। परिजनों ने बस स्टाफ पर अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया है।
काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने बताया कि बस दिल्ली से नैनीताल रूट पर संचालित होती है। युवक ने हल्द्वानी तक का टिकट लिया था। हल्द्वानी से बस के नैनीताल के लिए रवाना होने के दौरान शीशमहल के पास परिचालक ने टिकट की जांच के बाद उसे उतार दिया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी देर शाम मिली है और संबंधित चालक-परिचालक से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार युवक के खाते से मुरादाबाद में एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। बस किस डिपो की थी, इसकी भी जांच की जा रही है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि काठगोदाम थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



