घर में घुसकर गुलदार ने 88 वर्षीय वृद्धा पर किया हमला, सिर और हाथों पर पंजे मारे

खबर शेयर करें

समाचार सच, अल्मोड़ा।
पहाड़ों में गुलदार की बढ़ती सक्रियता अब लोगों के घरों तक पहुंच गई है। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे क्षेत्र के फूलाई गांव में तड़के घर के भीतर घुसे गुलदार ने सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर दिया। हमले में वृद्धा के सिर और हाथों पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में ग्राम प्रधान अमन बिष्ट के अनुसार गांव निवासी परुली देवी पत्नी स्वर्गीय आन सिंह रात करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान गुलदार घर के अंदर घुस आया और उसने वृद्धा पर हमला कर दिया। गुलदार ने उनके सिर पर वार किया और हाथों पर पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया।

वृद्धा के शोर मचाने पर घर में सो रही उनकी बहू की नींद खुली। कमरे के भीतर गुलदार को देखकर वह घबरा गई और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद गुलदार को घर से बाहर भगाया।

यह भी पढ़ें -   ब्रिगेडियर डॉ. पी. एस. भंडारी की पहल पर श्री आनंद आश्रम वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

इसके बाद परुली देवी को उपचार के लिए भिकियासैंण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रामनगर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक वृद्धा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी घायल वृद्धा का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। इसके बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।

रेंजर आशुतोष जोशी के मुताबिक तेंदुए की गतिविधियों वाले इलाकों में लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल से हल्द्वानी हाईकोर्ट शिफ्टिंग मामले में फैसला सुरक्षित, जमीन को लेकर भी उठे गंभीर सवाल

अल्मोड़ा जिले में गुलदार के हमले की यह पहली घटना नहीं है। बीते दिनों बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में गुलदार ने ग्रामीण दीवान सिंह पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उनके हाथ और पीठ पर चोटें आई थीं।

बताया गया कि दीवान सिंह घर से दुकान की ओर जा रहे थे, तभी गुलदार ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की थी।

लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में जंगली जानवरों को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440