
समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड की राजनीति में तीसरे विकल्प को लेकर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। प्रदेश के विकास, जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार और राज्य के संसाधनों से उत्तराखंड को अधिक लाभ दिलाने जैसे मुद्दों को लेकर मंगलवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को लेकर वक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए नए राजनीतिक विकल्प की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम में शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में तीसरे राजनीतिक विकल्प की तैयारी की जा रही है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता लंबे समय से इन दोनों दलों की राजनीति से परेशान है।
आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को लेकर जनता के बीच नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि अधिकारी तंत्र से आम लोग परेशान हैं और प्रदेश में भय का माहौल महसूस किया जा रहा है। उनके मुताबिक जनता अब ऐसे राजनीतिक विकल्प की तलाश में है, जो उत्तराखंड के मूल मुद्दों को प्राथमिकता दे।
जल-जंगल-जमीन के अधिकार का मुद्दा उठाया
कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार और प्रदेश के हित में उनके उपयोग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं और इनसे होने वाले लाभ का पर्याप्त हिस्सा प्रदेश और यहां के लोगों को मिलना चाहिए।
आनंद स्वरूप महाराज ने सामाजिक समानता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति के बजाय सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने आर्थिक आधार पर गरीबों के लिए आरक्षण की वकालत करते हुए समान अवसर की बात कही।
1 नवंबर को देहरादून में तीसरे विकल्प का शंखनाद
कार्यक्रम में घोषणा की गई कि आगामी 1 नवंबर को देहरादून में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इसी जनसभा के माध्यम से उत्तराखंड के हितों को केंद्र में रखते हुए तीसरे राजनीतिक विकल्प को लेकर अभियान को व्यापक रूप देने की बात कही गई।
आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि तीसरे विकल्प से जुड़े लोग प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सामने मौजूद समस्याओं के समाधान के लिए मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में भुवन भट्ट, विशाल शर्मा, तेज सिंह कार्की, अमित चौहान, दीपक जोशी, मनोहर मिश्रा, दिनेश थुआल, बालम जोशी, विजय तिवारी, देवेंद्र सिंह खाती, बृजपाल नेगी, राकेश चौहान, भुवन सत्यवली, हेम भट्ट, सुरेश शर्मा, प्रकाश शर्मा, प्रकाश मंडोलिया, अनिता जोशी, किरन बोरा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



