समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। पीएसए बॉयज अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीन ग्लोबल स्कूल को 176 रनों से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल ने प्रतियोगिता के अगले राउंड में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 229 रन बनाकर ग्रीन ग्लोबल स्कूल के सामने 230 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। आर्डन की ओर से विक्रांत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 58 गेंदों में 100 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं आयुष ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 50 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रीन ग्लोबल स्कूल की टीम आर्डन के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते गए और पूरी टीम महज 53 रनों पर सिमट गई। आर्डन के गेंदबाज कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट झटककर हैट्रिक अपने नाम की।
इस तरह आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल ने 176 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की। प्रतियोगिता के अंतर्गत दूसरा मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट और रविंद्र पब्लिक स्कूल के बीच खेला जा रहा है।
टीम की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक ने सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना ने इस बड़ी जीत को संभव बनाया है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



