समाचार सच, हल्द्वानी। सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तीकरण और सेवा भावना को समर्पित पुनर्नवा महिला समिति एक बार फिर समाज के सामने मानवता और परोपकार की अनूठी मिसाल पेश करने जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कर उन्हें सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत कराने के उद्देश्य से समिति की ओर से आगामी 22 नवंबर, रविवार को 29 निर्धन कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। हल्द्वानी स्थित पर्वतीय उत्थान मंच के गोल्ज्यू मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले इस समारोह में 29 जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन का शुभारंभ करेंगे।
आयोजन को लेकर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह को यादगार और भव्य स्वरूप देने के लिए विवाह स्थल पर आकर्षक पंडाल, सजावट, बैंड-बाजे, बारात के स्वागत, खानपान, प्रसाद वितरण और अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
गुरुवार को नैनीताल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने बताया कि पुनर्नवा महिला समिति का यह आयोजन केवल सामूहिक विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उन परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना है, जो आर्थिक तंगी के चलते अपनी बेटियों का विवाह धूमधाम और सम्मानपूर्वक करने में असमर्थ हैं। समिति पिछले कई वर्षों से इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों का विवाह किसी भी परिवार के लिए जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में समिति का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी की खुशियों और नए जीवन की शुरुआत में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि विवाह समारोह में सभी 29 जोड़ों का विवाह पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को समिति की ओर से गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसमें बर्तन, पलंग, बिस्तर, चादर, किचन सेट सहित दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी सामग्री शामिल है, ताकि नवदंपति विवाह के बाद अपने नए घर-परिवार की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें।
समिति की सचिव शांति जीना एवं प्रचार सचिव कल्पना रावत ने बताया कि आगामी 22 नवंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला यह आयोजन सामाजिक एकता, सहयोग और संवेदनशीलता का प्रतीक बनेगा। समारोह में आचार्य एवं पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि समाज के सक्षम लोग भी ऐसे आयोजनों से जुड़ें और जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनें।
अध्यक्ष लता बोरा ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक समृद्धि तभी है, जब हम जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी बनें और बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए सामूहिक रूप से आगे आएं।
समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन महज 29 जोड़ों के विवाह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, प्रेम, विश्वास और मानवीय संवेदनाओं का उत्सव होगा। एक ही मंडप के नीचे 29 जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत न केवल उनके परिवारों के लिए यादगार पल बनेगी, बल्कि समाज को भी सेवा और समर्पण का संदेश देगी।
प्रेस वार्ता में कुसुम बोरा, रेखा रावत, यशोदा रावत, मंजू बनकोटी, अंजना बोरा, निर्मला बहुगुणा, जानकी पोखरिया, प्रेमा बृजवासी, कमला रौतेला सहित समिति की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



