समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) होने जा रहा है। इस संबंध में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने एनआईओएस के मुख्यालय में संस्थान के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्रा से मुलाकात की।
इस दौरान दोनों संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शैक्षणिक एवं संस्थागत सहयोग बढ़ाने, अनुभवों और संसाधनों के आदान-प्रदान तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने एनआईओएस अध्यक्ष को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, प्रो. अखिलेश मिश्रा ने भी एनआईओएस की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं से उन्हें अवगत कराया।
बैठक में दोनों संस्थानों के बीच शीघ्र एमओयू करने और आपसी सहयोग के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। माना जा रहा है कि इस पहल से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और मुक्त शिक्षा के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



