समाचार सच, हल्द्वानी। जेल में बंद नटवर लाल रितेश पांडे के खिलाफ धोखाधड़ी की एक और तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि विधान सभा में नौकरी दिलाने के नाम पर मृदुल विहार, पीलीकोठी निवासी रितेश पांडे पुत्र मोहन चन्द्र पांडे के खिलाफ बीते दिनों कई शिकायतें पुलिस को मिली। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इधर अब आरोपी के खिलाफ एक और तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। जिसमें लछमपुर गौलापार निवासी कुन्जन पोखरिया ने कहा है कि दिसम्बर 2016 में रितेश पांडे ने उस उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय में स्टेनोग्राफर की सीधी भर्ती होने का हवाला देते हुए झांसे में ले लिया। इस पर उसने अपनी मामा की पुत्री की नौकरी लगवाने के लिए रितेश को तीन लाख रूपये दे दिये। अगस्त 2017 में रितेश ने उसे बताया कि डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक व समाज कल्याण विभाग में जो भर्तियां रुकी थी, उनका रिजल्ट आने वाला है। लिहाजा काम हो जाएगा। इसी तरह उसने बैंक समेत अन्य विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे करीब 20 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440













