समाचार सच, हल्द्वानी। युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई। होली पर्व पर हुए इस हत्याकांड से नगर में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। हत्यारों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। शक के आधार पर कईयों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। मामले में मृतक की पत्नी की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मल्ला गोरखपुर में रहने वाला 37 वर्षीय भगीरथ सुयाल पुत्र त्रिलोचन सुयाल नवाबी रोड स्थित कलावती कॉलोनी चौराहे में ऑटो स्पेयर पार्टस की दुकान चलाता था। मृतक की पत्नी मीना सुयाल के अनुसार बीती रात करीब 11 बजे फोन में भगीरथ ने उससे दुकान बंद कर घर आने की बात कही, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इस बीच दो युवकों को एक युवक कलावती कॉलोनी चौराहे के पास घायलावस्था में पड़ा मिला। जिसे दोनों ने बेस अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में ही अज्ञात में मैमो पुलिस को भेजी गई। इधर शनिवार की प्रातः जब पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर छानबीन शुरू की तो पता चला कि युवक की मौत लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई करने की वजह से हुई है। इस आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो मृतक की शिनाख्त भगीरथ के रूप में हो गई। बताया जाता है कि भगीरथ रात में नवाबी रोड में दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीच बचाव को पहुंचा था। आशंका जताई जा रही है कि झगड़ रहे दोनों पक्षों के लोगों में से ही किसी ने उसकी हत्या की होगी। इस मामले में मृतक की पत्नी ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल मनोज रतूड़ी के अनुसार घटनास्थल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जिसमें एक बुलट में सवार तीन युवक संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस ने उन दो युवकों से भी जानकारी जुटाई है, जो भगीरथ को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। एसपीसिटी डॉ जगदीश चन्द्र के अनुसार अलग-अलग बिन्दुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही शक के आधार पर करीब आधा दर्जन युवकों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आस-पास के लोगों से भी जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। इन जानकारियों के आधार पर अहम क्लू हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतक दो बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है। उसकी एक पुत्री भी है। होली पर्व पर हुए इस हत्याकांड से जहां परिवारजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं शहर में सनसनी फैली हुई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















