46वीं कार्य परिषद की बैठक में प्रशासनिक और शैक्षणिक सुधारों पर लगी मुहर, विश्वविद्यालय के विस्तार और गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अहम निर्णय
समाचार सच, हल्द्वानी।
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता को नई गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित 46वीं कार्य परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति और संस्तुति प्रदान की गई। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय अतिथि गृह में सम्पन्न हुई इस बैठक में विश्वविद्यालय के भविष्य की दिशा तय करने वाले अनेक प्रशासनिक और शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में सबसे पहले 45वीं कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि करते हुए उस पर की गई कार्रवाई का अनुमोदन किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के विस्तार, शैक्षणिक सुधार और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
कार्य परिषद ने नए अध्ययन केन्द्रों और विशेष अध्ययन केन्द्रों की स्थापना, विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, व्यक्तिगत छात्रवृत्ति (इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप) योजना, अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, सामुदायिक रेडियो अनुभाग में कार्मिकों के चयन, पुनर्नियोजन से जुड़े मामलों तथा केंद्रीय मूल्यांकन कार्य के लिए मानदेय निर्धारण सहित अधिकांश प्रस्तावों को अपनी संस्तुति प्रदान की।
बैठक में विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद द्वारा पारित प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई। इनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत, पाठ्यक्रमों एवं विनियमों में संशोधन, शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अकादमिक गुणवत्ता में सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय शामिल रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन निर्णयों से न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
बैठक में कार्य परिषद के बाह्य सदस्य एवं हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चन्द्र बिंजोला ऑफलाइन उपस्थित रहे। वहीं प्रो. बी.एस. राजपूत, प्रो. योजना रावत, प्रो. शची शाह तथा उच्च शिक्षा विभाग के नामित प्रतिनिधि अपर सचिव मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस.पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यसूची कुलसचिव खेमराज भट्ट ने प्रस्तुत की।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और समयानुकूल शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्य परिषद में लिए गए निर्णय विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, पारदर्शी प्रशासन और संस्थागत विकास की दिशा में नई मजबूती प्रदान करेंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



