समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। वह चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था। पकड़े गये चोर को कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है। नगर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार प्रकाश में आ रही हैं। वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम व चोरों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस चैकिंग अभियान चला रही है। इस क्रम में पुलिस के हाथ एक सफलता हाथ लगी है। मुखानी थाना पुलिस के अनुसार बीती देर शाम फतेहपुर तिराहे पर चौकिंग के दौरान एक बाइक का नंबर प्लेट मुड़ा होने के चलते शक के आधार पर रोका गया। जब चालक से कागजात दिखाने के लिए कहा गया तो वह इधर-उधर की बातें बनाने लगा। इस पर उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया।

एसओ सुशील कुमार ने बताया कि पकड़े गये चोर सुरज गोस्वामी पुत्र बिशन नाथ गोस्वामी निवासी फतेहपुर पिपलपोखरा ने उक्त बाइक चोरी की होने की बात कबूली। उसने बताया कि वह उक्त बाइक को बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने जब नंबर के आधार पर छानबीन की तो पता चला कि बाइक संख्या यूपी 25बीएच-0457 कमलुवागांजा निवासी बृजेश कुमार की है। जिसे चोरों ने 18 जनवरी की रात उसके घर से चोरी कर लिया था। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज करया गया था। इसके बाद से पुलिस वाहन चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस पकड़े गये चोर से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पकड़े गये चोर को कार्यवाही कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में एसआई महेश जोशी, मंजू ज्याला, कांस्टेबल मोहम्मद फिरोज, प्रदीप पिलख्वाल शामिल रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


