सीएम बदलने के बजाय सोच बदले भाजपा, विपक्ष की नेता ने दी नसीहत

खबर शेयर करें

-भाजपा सरकार पर लगाया पूर्ण विफलता का आरोप

समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने के बजाय सोच में परिवर्तन लाने की सलाह दी है। कहा कि वर्तमान प्रतिकूल परिस्थितियों ने सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित कर दिया है। यहां एक बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि त्रिवेन्द्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद से हटाने से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूर्णतया विफल रहा है। कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया लेकिन जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जाती रही। आज प्रदेश की जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। महंगाई चरम पर है और अपराधों पर अंकुश नहीं है। वहीं प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है तथा अफसरशाही बेलगाम है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए जनता सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है। अपने हकों के लिए आंदोलन कर रहे लोगों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं लेकिन सरकार का इस तरफ कतई ध्यान नहीं गया। डॉ हृदयेश ने कहा कांग्रेस विगत चार वर्ष से भाजपा सरकार के विकास विरोधी एवं पूर्णतया विफल कार्यकाल पर लगातार आवाज उठाती रही थी, जिस पर भाजपा हाईकमान ने अपनी मुहर लगा दी है। कहा कि मुख्यमंत्री बदलने से कुछ होने वाला नहीं है। भाजपा को अपनी सोच में परिवर्तन करना होगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजनैतिक अस्थिरता के कारण उत्पन्न वर्तमान प्रतिकूल परिस्थितियों में सत्ता परिवर्तन स्पष्ट दिखायी दे रहा है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पर राज्य की रक्षा की जिम्मेदारी और बढ़ गयी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440