भाजयुमो ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर किया दुख व्यक्त

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और उनके बेटे आशुतोष टंडन ने ट्विटर पर एक पोस्ट के माध्यम से साझा की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- बाबूजी नहीं रहे। लालजी बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था। लालजी टंडन को 11 जून को सांस लेने में दिक्कत, बुखार और पेशाब में परेशानी की वजह से लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही थी। इस कारण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्यप्रदेश का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। मध्यप्रदेश के राज्यपाल का 13 जून को ऑपरेशन किया गया था। हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था। वे बीच में दो दिन बाई-पैप मशीन पर भी रहे। मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. कपूर के अनुसार, लालजी टंडन के किडनी फंक्शन में दिक्कत थी। ऐसे में उनकी डायलिसिस करनी पड़ रही थी। अब उनके लिवर फंक्शन में भी दिक्कत शुरू हो गई थी। आज सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर उनका निधन हो गया।
मध्यप्रदेश के राज्यपाल के निधन पर दुख जताते हुए उत्तराखंड भाजयुमो उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सचिन गुप्ता ने कहा की मध्यप्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन के निधन से हमने एक महान नेता को खो दिया है, लाल जी टंडन कुशाग्रबुद्धि वाले राष्ट्रीय नेता थे। लालजी टंडन को समाज सेवा के उनके अथक प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके निधन से देश ने एक लोकप्रिय जननेता, योग्य प्रशासक एवं प्रखर समाज सेवी को खोया है।
सचिन गुप्ता ने बताया की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत खराब हो जाने के बाद लालजी टंडन को 2009 में लखनऊ लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी को 40 हजार वोटों से हराया था। 23 अगस्त 2018 को लालजी टंडन बिहार के राज्यपाल बने। इसके बाद 29 जुलाई 2019 को उन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था। 12 अप्रैल 1935 को लखनऊ के चौक गांव में जन्मे लालजी टंडन की गिनती भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में होती है। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी थे। लालजी टंडन कई बार विधानसभा सदस्य और विधान परिषद के सदस्य रहे। लालजी टंडन बीएसपी-बीजेपी गठबंधन और कल्याण सिंह सरकार में मंत्री भी रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440