समाचार सच, नैनीताल डेस्क। नैनीताल के वीरभट्टी के पास बलियानाला क्षेत्र के जंगल में बुधवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर ज्योलीकोट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह कुछ महिलाएं वीरभट्टी के पास बलियानाला क्षेत्र में जंगल की ओर घास लेने गई थीं। इसी दौरान नाले के किनारे उन्हें एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। महिलाओं ने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना ज्योलीकोट पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान मनोज रावत उर्फ शर्मा निवासी न्यू कॉलोनी, दुर्गापुर पावर हाउस के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मनोज रावत नैनीताल में पर्यटक गाइड का काम करता था और छह मार्च की शाम बिना बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी।
जांच के दौरान सरस्वती विहार क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में मनोज को वीरभट्टी की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



