कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती सरकार, जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी
समाचार सच, हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखण्ड में 72 घंटे में एक भी कोरोना पॉजिटिव का केस न आने से सरकार ने राहत की सांस ली है। शनिवार को मिली 93 सैंपलों की रिपोर्ट में एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला। जाचं में सभी नैगेटिव पाये गये। राज्य में अभी तक 35 कोरोना संक्रमित मरीज है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या 18 देहरादून जिला में है। जबकि इसके बाद नैनीताल जिला में आठ तथा ऊधमसिंह नगर में चार, हरिद्वार में तीन, पौड़ी व अल्मोड़ा जिला में एक-एक कोरोना संक्रमित रोगी हैं। अभी तक राज्य में पांच मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी भी दी गई है।
इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के राज्य कंट्रोल रूम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार राज्यभर से आज तक कोविड-19 के 1705 सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से 1340 की रिपोर्ट नैगेटिव आई हैं। 330 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अभी तक राज्य में 55631 होम व 2693 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारान्टाइन में हैं, जबकि 372 लोग अस्पतालों के आइसोलेशन वार्डों में भर्ती हैं।
गौरतलब है कि तसल्ली वाली बात यह है कि उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की दर राष्ट्रीय औसत से कम है। देश में यह दर प्रति 100 टेस्ट में 3.5 कोरोना पॉजिटिव की है। जबकि उत्तराखंड में अभी यह ढाई फीसदी के आसपास है। लेकिन पिछले एक पखवाड़े में जिस तरह से कोरोना पॉजिटिव मामलों का सूचकांक ऊपर चढ़ा है, उसने सात मामलों के इलाज में सफलता हासिल करने वाले तंत्र को चिंतित कर दिया है। कोरोना संक्रमितों के मामलों का लगातार विश्लेषण कर रहे समाजसेवी अनूप नौटियाल के मुताबिक, पहली अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव की दर महज 1.37 प्रतिशत थी। दो अप्रैल को दो कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने के साथ यह दर लगातार बढ़ती चली गई। आठ अप्रैल को प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 35 हो चुकी थी। उनके अनुसार, छह अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मामलों की दर 3.11 प्रतिशत थी। लेकिन पिछले दो दिनों से टेस्ट से भेजे गए सभी सैंपल नेगेटिव आए हैं और कोरोना पॉजिटव की संख्या अभी स्थिर बनी हुई है।
राज्य में कोरोना के संक्रमण का खतरा बरकरार है। सरकार इस मामले में कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। इसलिए उसके स्तर पर जांच का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी है। जानकारों का मानना है कि कोरोना संक्रमण की असल तस्वीर तो तभी सामने आएगी, ज्यादा लोगों की जांच होगी। अभी उत्तराखंड में हर दिन औसतन 150 सैंपल कोरोना की जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इस बीच सरकार देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में 14 आवासीय स्थलों को हॉटस्पॉट घोषित कर चुकी है।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


