लोन की किश्त चुकाने को किया फोन, तो गुंडों को भेज शाखा बैंक प्रबंधक को उठवा लिया

खबर शेयर करें

हथियार के दम पर बैंक प्रबंधक से चार बार माफी मंगवाई गई

समाचार सच, देहरादून। बैंक प्रबंधक ने लोन की किश्त चुकाने को फोन किया तो आईटीआई गुजराड़ा मान सिंह के इंस्ट्रक्टर (प्रोफेसरियल रैंक से नीचे का शिक्षक) ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं अगले दिन सात-आठ गुंडों को भिजवाकर बैंक प्रबंधक को शाखा से ही उठवा लिया गया। वहां हथियार के दम पर उनसे चार बार माफी मंगवाई गई। पीड़ित की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गुजराड़ा मान सिंह स्थित केनरा बैंक की शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ ढौंढियाल ने राजपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने गत 21 जुलाई को आईटीआई गुजराड़ा के इंस्ट्रक्टर मदन नौटियाल को फोन कर लोन की किश्त जमा करने को कहा था। आरोप है कि मदन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। ढौंढियाल ने बताया कि अगले दिन वह बैंक शाखा में अपने केबिन में बैठे हुए थे। दोपहर के समय सात-आठ युवक गार्ड को धक्का देते हुए बैंक में घुस गए। शोर सुनकर ढौंढियाल केबिन से बाहर आ गए। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने कहा कि उसने 11 हत्याएं की हैं। एक और हत्या करने से उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इसके बाद युवक जबरदस्ती उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गए। इस दौरान सभी कर्मचारी और ग्राहक यह सब देख रहे थे।

ढौंढियाल ने बताया कि युवक उन्हें आईटीआई में प्रिंसिपल के ऑफिस में ले गए। वहां मदन नौटियाल पहले से ही मौजूद था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही नौटियाल ने उन्हें गालियां दीं। इस बीच एक युवक ने अपनी जेब से हथियार निकाला और नौटियाल से माफी मांगने को कहा। आरोपियों ने उनसे तीन-चार बार पैर पकड़कर माफी मंगवाई और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440