समाचार सच, चंपावत/खटीमा। पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर लोहाघाट पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 256 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे प्रदेश के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से प्रगति रिपोर्ट ली और निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस संस्थान से प्रशिक्षित महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान लोहाघाट में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए और कुमाऊं की पारंपरिक खड़ी होली में सहभागिता की। उन्होंने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयासों की सराहना भी की।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मां पूर्णागिरी धाम मेले के शुभारंभ और मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। पार्किंग, पेयजल और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने पर काम जारी है। साथ ही प्रस्तावित शारदा कॉरिडोर के पहले चरण में 179 करोड़ रुपये के कार्य प्रारंभ होने की बात कही गई।
वहीं, दौरे के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की, जिस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। झड़प में कुछ कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आईं और क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



