उत्तराखंड राज्य निर्माण में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं : बंशीधर भगत

खबर शेयर करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्थापना दिवस पर किया केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का गुणगान

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने जहां केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर उत्तराखंड राज्य निर्माण विरोधी होने का आरोप लगाया। यहां निजी रेस्तरां में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है। जहां एक ओर पृथक राज्य उत्तराखंड के लिए आंदोलन हो रहा था। वहीं कांग्रेस राज्य निर्माण का विरोध कर रही थी। कांग्रेस नेताओं ने तो यहां तक कहा था कि यदि राज्य बना तो वह उनकी लाशों के ऊपर से बनेगा। भगत ने कहा कि कांग्रेस आज राज्य निर्माण का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि राज्य निर्माण में कांग्रेस की कोई भूमिका है ही नहीं। कहा कि कांग्रेस ने दस वर्षों तक प्रदेश में राज किया। ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपनी गिरेबां में झांके कि उसने इस राज्य के विकास में कितना योगदान दिया है। आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार, दुराचार, अत्याचार, अनाचार आदि सब कांग्रेस की ही देन हैं। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तराखंड राज्य के उज्जवल भविष्य की कामना भी ईश्वर से की और पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की राज्य निर्माण में अहम भूमिका बताई। साथ ही उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को एक सिरे से पत्रकारों के सामने रखा। कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। एक सवाल के जवाब में भाजपा प्रदेेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार-संगठन में कोई नाराजगी नहीं है। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सरकार व संगठन से नाराज नहीं हैं, अपितु उन्होंने चुनाव न लड़ने की बात कही है। जबकि उनसे (प्रदेश अध्यक्ष) हुई वार्ता में हरक ने यहां तक कहा ‌है कि वह संगठन के अनुशासित सिपाही हैं। कहा कि मंत्रीमंडल का विस्तार संगठन नहीं अपितु मुख्यमंत्री का अपना निर्णय होता है। आगामी विधान सभा चुनाव लड़ने की बात को कालाढूंगी विधायक भगत हाईकमान के आदेश पर काम करने की बात कहकर टाल गए। पत्रकार वार्ता में मेयर डॉक्टर जोगेंद्र रौतेला, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा, राजेंद्र बिष्ट, प्रदीप जनौटी, तरुण बंसल मुख्यरूप से मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -   अब पैदल चलना होगा आसानः नैनीताल जिले में फुटपाथ होंगे अतिक्रमण मुक्त, डीएम ने चलाया विशेष अभियान, अवैध पार्किंग पर भी होगी कार्रवाई

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440