उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर शहीदों को CM धामी ने किया नमन, PM मोदी ने पत्र भेजकर दी बधाई; देवभूमि को बताया आध्यात्मिक राजधानी बनने का हकदार

खबर शेयर करें

शहीद स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों के बलिदान को किया याद, राज्य की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत की प्रधानमंत्री ने की सराहना

समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर सोमवार को प्रदेशभर में उत्सव और गौरव का माहौल रहा। राज्य गठन के लिए लंबा संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित कचहरी के शहीद स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे।

स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए प्रदेश की प्रगति की सराहना की।

आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। जिन सपनों और अपेक्षाओं के साथ अलग राज्य की मांग उठाई गई थी, उन्हें पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज! पांच पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ेगी ठंड

पीएम मोदी ने पत्र में की उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि देवभूमि अपनी आध्यात्मिक चेतना, प्राकृतिक सौंदर्य और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखती है।

प्रधानमंत्री ने हिमालय की चोटियों, पवित्र नदियों और चारधाम का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड प्रकृति और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम है। मां गंगा और यमुना के उद्गम स्थल से लेकर पंच केदार, पंच प्रयाग, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश तक प्रदेश की धार्मिक पहचान देश-दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है।

उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने की क्षमता: मोदी
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के साथ अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केदारनाथ की गुफा में साधना, आदि कैलाश की यात्रा और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बिताए समय को अपनी स्मृतियों का हिस्सा बताया।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल | 9 नवंबर 2026, सोमवार | सोमवती अमावस्या आज, स्नान-दान का विशेष महत्व; जानिए सभी 12 राशियों का हाल

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है और डबल इंजन की सरकार इस दिशा में निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के परिश्रमी और प्रतिभाशाली नागरिकों की भागीदारी से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास एवं समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस जहां राज्य के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद करने का अवसर बना, वहीं प्रधानमंत्री के संदेश और मुख्यमंत्री के संकल्प ने प्रदेश की भावी विकास यात्रा को भी केंद्र में रखा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440