गंगा स्नान और पितृ तर्पण के लिए देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, सुरक्षा के लिए 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र; कुंभ कार्यों के चलते हरकी पैड़ी पर कम रहा गंगाजल
समाचार सच, हरिद्वार डेस्क।
धर्मनगरी हरिद्वार सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगी नजर आई। तड़के से ही हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान पर्व को लेकर पूरे हरिद्वार में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
सुबह सूर्योदय के साथ ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली गई। हरकी पैड़ी पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। गंगा स्नान के बाद लोगों ने घाटों पर दान-पुण्य, पूजा-पाठ और पितरों की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान और पितृ तर्पण का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे।
सोमवती अमावस्या के स्नान का विशेष धार्मिक महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस दिन किया गया दान अक्षय फल देने वाला माना जाता है। गंगा स्नान और पिंडदान से पितरों की शांति तथा पुण्य की प्राप्ति की मान्यता है।
उन्होंने बताया कि उदया तिथि में सोमवती अमावस्या का स्नान विशेष संयोग माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इस संयोग का महत्व भीष्म पितामह से जुड़ी कथाओं में भी बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की। पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस बल की तैनाती की गई। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को अन्य घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई, ताकि किसी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्र न हो और स्नान सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
कुंभ निर्माण कार्यों के चलते हरकी पैड़ी पर कम रहा गंगाजल
सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। इसकी वजह क्षेत्र में चल रहे कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्य बताए जा रहे हैं। हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके चलते फिलहाल पहले की तुलना में कम मात्रा में गंगाजल छोड़ा जा रहा है।
हालांकि, स्नान के लिए श्रद्धालुओं को पर्याप्त गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। आस्था के इस बड़े पर्व पर हरिद्वार के घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



