-डीएम की क्षेत्रवासियों से अपील: कर्फ्यू अवधि में अपने घरों से कतई निकले बाहर
-लॉकडाउन के भांति कर्फ्यू अवधि में भी उपलब्ध करायी जायेगी राशन, दूध, दवायें, सब्जी फल आदि
समाचार सच, हल्द्वानी। शासन से प्राप्त निर्देशों के उपरान्त जिलाधिकारी संविन बंसल ने सोमवार देर सायं बनभूलपुरा क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लागू कर दिया है।
ज्ञात हो कि रविवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में फैली अफवाह के बाद से मचे बवाल के मामले को सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गम्भीरता लेते हुए सोमवार को दिन में उक्त क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने के आदेश मुख्य सचिव और गृह सचिव को दिये। उक्त आदेश आने के उपरान्त जिला प्रशासन ने क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू प्रभावी कर दिया है।
गौरतलब है कि बनभूलपुरा क्षेत्र बवाल होने से पिछले कई दिनों से बनभूलपुरा को कोरोना हॉटस्पाट चिन्हित करते हुये शतप्रतिशत लाकडाउन प्रभावी है। डीएम बंसल ने बनभूलपुरा क्षेत्र के वाशिंदो से अपील करते हुए कहा कि वे कर्फ्यू अवधि में अपने घरों से कतई बाहर ना निकलें। शासन व प्रशासन का उद्देश्य है कि कोरोना संक्रमण से कोई व्यक्ति एवं समुदाय प्रभावित ना हो पाये। उन्हांेने कहा कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि बनभूलपुरा के लोगों को सभी चिकित्सा सुविधाओं के साथ ही आवश्यक वस्तुओं राशन, दूध, दवायें, सब्जी फल आदि पूर्व की भांति उपलब्ध कराये जायेंगे। इन कार्याे के लिए विभागीय अधिकारी पूर्व की भांति व्यवस्थायें सुनिश्चित करेंगे।
डीएम ने क्षेत्र वासियों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग की सैम्पल लेने वाली व जांच टीमों को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा प्रशासन हर प्रकार की मदद व सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंनेे क्षेत्रवासियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा ने कहा कि शासन द्वारा लिये गये निर्णय का पूरी तत्परता के साथ अनुपालन कराया जायेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस, प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इससे पूर्व सर्किट हाउस में आयुक्त कुमायू डा0 नीरज खैरवाल तथा डीआईजी जगत राम जोशी ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मौजूदा स्थिति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


