
समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस साइबर क्राइम रोकने के तमाम दावे कर रही है, लेकिन इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे ही एक और मामले में बैंक खाते से हजारों की रकम उड़ा ली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। पर्वतीय बिहार कालोनी फेज़ 2 डहरिया निवासी वीरपाल के अनुसार उसे बीती 22 जनवरी को एक सख्श का फोन आया। फोन करने वाले ने उसे यह बताया कि उसका एक पार्सल दिल्ली से उसे डिलेवर किया जाना है। इसके लिए उसे अपने खाते से 10 रुपये ट्रांसफर करने होंगें। इस पर वीरपाल ने अपने बैंक खाते से फोन करने वाले सख्श के बैंक खाते में 10 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वीरपाल के खाते से अलग-अलग किस्तों में 74800 रुपये कट गए। इस पर वीरपाल ने उसी नम्बर पर कॉल करने की कोशिश की तो वह नम्बर बंद मिला। इस पर वीरपाल को ठगे जाने का आभास हुआ और वह पुलिस की शरण में पहुंचा। वीरपाल ने कोतवाली पुलिस से रकम वापसी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। यहां बता दें कि नगर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस के उच्चाधिकारी लगातार साइबर ठगी रोकने की बात कह रहे हैं, बावजूद इसके साइबर ठगी के मामलों में कमी नहीं आ रही है। आए दिन पुलिस में साइबर ठगी का कोई न कोई मामला दर्ज हो रहा है। कुछ मामलों में पुलिस पीड़ितों को ठगी गई रकम भी वापस दिला चुकी है, लेकिन ठगों की गिरेबां तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिसके चलते इस तरह के मामले लगातार प्रकाश में आ रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












