समाचार सच, हल्द्वानी। अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष मजहर नईम नवाब ने अधिकारियों को अमृत योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार व स्कूलों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। दो टूक कहा कि खामियां मिली तो निश्चित तौर पर कार्यवाही होगी। अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ जवाहर नगर, वारसी कालोनी, राजपुर, वनभूलपुरा क्षेत्र में अमृत योजना के अन्तर्गत बिछाई जा रही पेयजल लाईनों व क्षेत्र के विद्यालयों का मौका मुआयना किया। राजकीय इण्टर कॉलेज वनभूलपुरा में प्रयोगशालाओं में गन्दगी देख आयोग उपाध्यक्ष बिफर पड़े। उन्होंने प्रधानाचार्य व शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर यदि स्कूल के लैब एवं परिसर की सफाई सुनिश्चित नही की गई तो कार्यवाही की जायेगी। इस अवधि में वह पुनः स्कूल का औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही उन्होंने राजपुरा प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुुणवपत्ता जांची और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि प्राथमिक स्कूलों के बंद होने के चलते बच्चों को बुलाकर मध्यान्ह राशन दिया जाए। जीआईसी राजपुरा में बाहरी लोगों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायत पर सहायक आयुक्त नगर निगम को बाउन्ड्री से लगे भवन स्वामीयों को नोटिस जारी कर चालान करने के निर्देश दिये गये। अमृत योजना के तहत बिछाई जा रही पाईप र्लाइन का निरीक्षण करते हुए पेयजल निगम के अभियंताओं व ठेकेदार को निर्देश दिये कि कार्य में गति लायें। कहा कि जिन घरों में पेयजल संयोजन नहीं हैं उनकी सूची बनाकर उनकों पेयजल संयोजन देना सुनिश्चित करें। यह भी कहा कि यदि योजना में कहीं भी पुरानी लाईन से नई लाईन जुड़ी पाई गई तो भुगतान नहीं किया जाएगा। निरीक्षण दौरान अधिशासी अभियंता पेयजल निर्माण निगम मृदुला सिंह, सहायक आयुक्त नगर निगम विजेन्द्र चौहान, सहायक अभियंता पेयजल निगम एके जोशी, नगर समन्यक शिक्षा हरीश बिष्ट, महेश चन्द्र आदि मौजूद थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












