समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” तेज हो गया है। इसी अभियान के तहत राजधानी देहरादून के विकासनगर में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे बंद करवा दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को गंभीर अनियमितताएं मिलीं। जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों की महिलाओं को बिना किसी सत्यापन के काम पर रखा गया था। इस पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए संचालक के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया और सेंटर को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान बिना सत्यापन काम कर रही 7 महिलाओं को भी पुलिस ने धारा 172 बीएनएस के तहत हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत होटल, ढाबे, स्पा सेंटर, अपार्टमेंट और फेरी वालों तक सभी का वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है।
5 अप्रैल को विकासनगर पुलिस ने बाजार क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों पर अचानक छापा मारा, जहां कई खामियां सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, सभी महिलाएं बाहरी राज्यों से आई थीं और बिना किसी दस्तावेज़ के काम कर रही थीं।
वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल राणा ने बताया कि महिलाओं पर धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि स्पा संचालकों के खिलाफ धारा 83 में कार्रवाई करते हुए सेंटर बंद कराए गए।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



