समाचार सच, हल्द्वानी। जिलाधिकारी सविन बंसल ने किसानों को धान का निर्धारित मूल्य देने व क्रय केंद्रों में अन्य सुविधाएं देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं। बता दें कि बीते दिनों धान क्रय केंद्रों के निरीक्षण में किसानों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखी थी। जिसे जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने धान क्रय एजेंसियों को निर्देश दिये हैं कि वह काश्तकारों को धान का सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का भुगतान करना सुनिश्चित करें। कहा कि किसानों को उपज का वाजिब दाम मिले और वह बिचौलियों के शोषण से मुक्त रहें, इसके लिए सभी को तत्परता के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए क्रय एजेसिंयों के अधिकारी व सम्बन्धित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था को और बेहतर बनायें। जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्रय केन्द्रों पर पानी के टैंक की समुचित सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सहायक निबंधक सहकारी समितियां को निर्देश दिये कि क्रय केन्द्रों पर किसानों एव श्रमिकों के लिए पेयजल के डिस्पेंशर एवं डिस्पोजल कप रखे जाएं। पेयजल की व्यवस्था इस प्रकार से हो कि कोविड 19 के संक्रमण की सम्भावना ना रहे। क्रय केन्द्र पर कम्प्यूटर में इंटरनेट का संयोजन ना होने से खरीद में गति न मिलने और मोबाइल डाटा के जरिये कम्प्यूटर का संचालन होने से भी रूकावट आने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कम्प्यूटर में हाई स्पीड इंटरनेट संयोजन लगाकर कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने क्रय केन्द्र में श्रमिकों की कम संख्या पर भी नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही सहायक निबंधक को निर्देश दिये कि वह खरीद में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या में इजाफा करें। जिलाधिकारी ने सम्भागीय खाद्य नियंत्रक से कहा कि किसानों के धान नियमों के तहत जिस माप के ग्राहय हैं, उसका नमूना प्राप्त कर परीक्षण कराकर ग्राहय धान का निर्धारण करें। इसके लिए सहायक निबंधक को निर्देश दिये हैं कि किसानो से बारीक धान का नमूना प्राप्त कर सम्भागीय खाद्य नियंत्रक के माध्यम से नवीन मण्डी स्थित प्रयोगशाला मे नमूना जांच कराकर काश्तकारों को अवगत कराया जाए। उन्होंनेे कहा है कि धान क्रय केन्द्रों मेें काश्तकारों का पंजीयन व जारी टोकन पर केन्द्र सचिव के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से किये जाएं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


