जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाने पर जताई नाराजगी, रामनगर में पंचायत प्रतिनिधियों ने किया प्रदर्शन

खबर शेयर करें

समाचार सच, रामनगर। उत्तराखंड सरकार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधि सड़कों पर उतर आए हैं। मंगलवार को नैनीताल जिले के रामनगर विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों ने विकासखंड कार्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने कहा कि सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त कर ग्राम प्रधानों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने मांग की कि जिला पंचायत अध्यक्षों की तर्ज पर ग्राम प्रधानों और ब्लॉक प्रमुखों को भी प्रशासक नियुक्त किया जाए।

संजय नेगी ने कहा, त्रिस्तरीय पंचायत संगठन पिछले एक साल से पंचायत का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत है, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। अब सरकार का यह कदम अन्यायपूर्ण है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तरीय संगठन की बैठक के बाद मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने मांग की कि पंचायत व्यवस्था को मजबूत किया जाए और सभी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समान व्यवहार हो।

पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने अन्य विकासखंडों और पंचायत संगठनों से भी अपील की है कि वे इस आंदोलन में शामिल हों और अपनी आवाज बुलंद करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440