फीस माफी का मुद्दा विधानसभा में उठाया जायेगा: इंदिरा

खबर शेयर करें

नेता प्रतिपक्ष ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया

समाचार सच, हल्द्वानी। बुद्ध पार्क में निजी स्कूलों की मनमानी रोकने व लॉकडाउन की फीस माफी को लेकर चल रहे धरने व भूख हड़ताल में मंगलवार को एक बार फिर बखेड़ा खड़ा हो गया। धरने के आयोजक पार्षद रोहित कुमार हिन्दी फिल्म शोले के वीरू की तरह पानी की टंकी पर चढ़ गये और मांग तत्काल पूरी करने के लिए कहने लगे। इस बीच नेता प्रतिपक्ष के आश्वासन पर वह उतरने लगे तो हाथ मधुमक्खी के छत्ते पर लगा और मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इस मामले में पार्षद पर पुलिस मुकदमा तय है। दरअसल निजी स्कूलों मनमानी रोकने व लॉकडाउन की फीस माफी को लेकर बीते 43 दिनों से पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में धरना व कुछ दिनों से भूख हड़ताल चली आ रही है। इस आंदोलन के 38वें दिन भी बुद्ध पार्क में प्रशासन के रोहित को भूख हड़ताल से उठाने के दौरान बवाल भी हुआ था। लेकिन आंदोलन जारी रहा। इधर आंदोलन के तहत मंगलवार को आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पार्षद रोहित शोले फिल्म के वीरू बने और आंदोलन स्थल से कुछ दूर स्थित जल संस्थान की पानी की टंकी पर चढ़ गये और मांग पर तत्काल अमल करने की बात कहने लगे। पानी की टंकी में पार्षद के चढ़ने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और पार्षद को नीचे आने को कहा, लेकिन वह नहीं माने। इस बीच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश भी मौके पर पहुंच गई और पार्षद को समझा-बुझाकर टंकी से उतरने के लिए राजी कर लिया। पार्षद टंकी से उतर पाते इससे पहले उनका हाथ मधुमक्खी के छत्ते पर लग गया। जिससे उन पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के इस हमले में पार्षद के अलावा कई अन्य लोग भी मामूली तौर पर घायल हुए। जिन्हें को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद वह पुनः आंदोलन स्थल पहुंचे। जहां नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने आश्वासन दिया कि फीस माफी का मुद्दा विधान सभा सत्र में उठाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर लंबे समय से चले आ रहे आंदोलन में एक बार भी प्रशासन ने वार्ता करने तक की जहमत नहीं उठाई, जिसने आंदोलन को चरम पर पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह चुप नहीं बैठेंगी और इसे सरकार के सामने रखेंगी। इस पर आंदोलनकारी मान गये और नेता प्रतिपक्ष ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। इस दौरान पार्षद ने कहा कि आंदोलन आश्वासन पर स्थगित किया गया है, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। इधर कोतवाल संजय कुमार का कहना है कि पार्षद रोहित आत्महत्या के इरादे से पानी की टंकी पर चढ़े हैं, इसलिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440