समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड के जननेता, राज्य आंदोलनकारी और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के पूर्व अध्यक्ष त्रिवेंद्र पंवार का ऋषिकेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके साथ दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। त्रिवेंद्र पंवार के निधन से राज्यभर में शोक की लहर है, खासकर राज्य आंदोलनकारियों और यूकेडी कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिवेंद्र पंवार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
राज्य आंदोलन का बड़ा चेहरा
त्रिवेंद्र पंवार उत्तराखंड राज्य आंदोलन में एक प्रमुख चेहरा रहे। यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने इंद्रमणि बडोनी के सानिध्य में राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके संघर्ष के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा ने उत्तराखंड राज्य के निर्माण की घोषणा की थी।
लेटर बम से संसद में मचाया था हड़कंप
त्रिवेंद्र पंवार ने राज्य आंदोलन को राष्ट्रीय मंच पर लाने के लिए संसद में लेटर बम फेंका था, जिससे उत्तराखंड की आवाज देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची। राज्य आंदोलन के दौरान वह यमुना नदी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन उनके जुझारूपन और प्रतिबद्धता में कमी नहीं आई।
राजनीतिक यात्रा
त्रिवेंद्र पंवार 1995 में उत्तराखंड क्रांति दल के अध्यक्ष चुने गए। 2011 में वह दोबारा अध्यक्ष बने और वर्तमान में दल के संरक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने अपने जीवन को राज्य के मूल निवासियों और राज्य हित के लिए समर्पित कर दिया।
“त्रिवेंद्र पंवार की भरपाई असंभव”
यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय ने उन्हें सच्चा हिमालय पुत्र बताते हुए कहा कि उनके निर्भीक नेतृत्व और संघर्ष को उत्तराखंड के लोग कभी नहीं भूलेंगे। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।
त्रिवेंद्र पंवार का निधन उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। राज्य ने आज अपना एक सच्चा सिपाही खो दिया है। उनके विचार और उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग सभी आंदोलनकारियों और राज्य प्रेमियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440