-नवीन सब्जी मण्डी में फल-सब्जी का थोक व्यापार प्रातः 7 से 10 बजे तक
-खाद्यान्न मण्डी में प्रातः 7 से दिन के 1.00 बजे तक नियमित रूप से व्यापारी कर सकेंगे अपने प्रतिष्ठानों पर कार्य
-पर्वतीय क्षेत्रों में दिन में 1 से सायं 5 बजे तक सब्जी की आपूर्ति रहेगी जारी

समाचार सच, हल्द्वानी। कोरोना वायरस के संक्रमण के नियंत्रण को अब हल्द्वानी मण्डी समिति ने मण्डी स्थल में कार्य करने को 9 अप्रैल से नये दिशा-निर्देश जारी कर दिये है। गुरूवार से नवीन सब्जी मण्डी में फल-सब्जी का थोक व्यापार का कार्य प्रातः 7 से प्रातः 10 बजे तक चलेगा। जबकि खाद्यान्न मण्डी स्थल में प्रातः 7 बजे से दिन के 1 बजे तक नियमित रूप से व्यापारी अपने प्रतिष्ठान में कार्य कर सकेंगे। वहीं पर्वतीय क्षेत्र के लिये दिन के 1 बजे से सायं 5 बजे तक सब्जी की आपूर्ति जारी रहेगी। इस साथ मण्डी परिसर में किसी भी प्रकार से फल-सब्जी की फुटकर बिक्री नहीं होगी।
बुधवार को यहां अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, एसपीसिटी, मण्डी समिति अध्यक्ष मनोज साह व आलू-फल आढ़ती एसो0 के पदाधिकारी व व्यापारियों की यहां आयोजित संयुक्त बैठक में उक्त निर्णय लिया गये है। बैठक में वर्तमान में कोरोना वायरस के संकट के चलते नवीन मण्डी हल्द्वानी के फल-सब्जी मण्डी में फुटकर कारोबार को पूर्ण रूप से बन्द रखने का निर्णय लिया गया। मण्डी स्थल में कार्यरत व्यापारियों द्वारा अवगत कराया गया कि मण्डी स्थल में किसी भी प्रकार से फल सब्जी की फुटकर बिक्री नहीं होगी और सुबह 7 बजे से 10 बजे तक थोक व्यापार किया जायेगा।
पर्वतीय क्षेत्र हेतु दिन के 1 बजे से सायं 5 बजे तक सब्जी की आपूर्ति जारी रहेगी, स्थानीय शहरी एवं ग्रामीण स्तर पर फल-सब्जी की आपूर्ति किये जाने हेतु आलू फल आढ़ती ऐसोस के माध्यम से मण्डी कार्यालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों के आधार पर प्रत्येक दिन मण्डी समिति द्वारा 30 वाहनों को पास जारी कर स्थानीय स्तर से आम लोगों को फल-सब्जी की आपूर्ति की जायेगी। इसके अतिरिक्त मण्डी स्थल में किसी दशा में आढ़ती व्यापारियों एवं उनके मुनीमों को छोड़कर अन्य कोई दुपहिया एवं तिपहिया वाहन को आने नहीं दिया जायेगा। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिस किसी भी फुटकर विक्रेता को फल-सब्जी की आवश्यकता होगी वह लोग मण्डी स्थल में व्यापारियों से दूरभाष पर सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं, व्यापारी द्वारा उनकी मांग अनुसार फल-सब्जी की आपूर्ति उनके दुकानों पर सुनिश्चित की जायेगी। हल्द्वानी नगर एवं आस-पास का व्यापारी फल-सब्जी क्रय हेतु मण्डी स्थल में प्रवेश नहीं करेगा। फुटकर व्यापारियों को फल-सब्जी की आपूर्ति मण्डी द्वारा अधिकृत वाहनों से उनकी दुकानों में की जायेगी। वहीं खाद्यान्न मण्डी स्थल में प्रातः 7 से दिन के 1 बजे तक नियमित रूप से व्यापारियों द्वारा कारोबार किया जायेगा।
बैठक में मुख्य रूप से मण्डी समिति सचिव विश्वविजय सिंह देव, आलू-फल आढ़ती एसो के अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की, देवानन्द सिंधी, कृष्ण कुमार नज्जौन, अनिल आसवानी, कन्हैयालाल सिंधी, मनोज वेदी सहित आदि व्यापारीगण मौजूद थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


