समाचार सच, हल्द्वानी। रोडवेज स्टेशन को अब बदमाश लूटपाट का अड्डा बना रहे हैं। बीती रात बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों में दो यात्रियों से लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाश दोनों के पास से हजारों की नगदी लूट ले गये। इनमें एक बदमाश को दबोच कर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। जबकि दूसरे बदमाश के कोतवाली गेट से फरार होना बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से बदमाश के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बीती रात बदमाशों ने रोडवेज स्टेशन व प्रेम टॉकीज के पास दो यात्रियों को अपना शिकार बनाया। पहली घटना रोडवेज स्टेशन के पास घटित हुई। अल्मोड़ा निवासी कृपाल सिंह बिष्ट के अनुसार वह बीती रात रोडवेज स्टेशन में वापस जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इस बीच बाइक पर सवार होकर दो युवक उसके पास आये और अल्मोड़ा जाने की बात कहकर उसे केमू स्टेशन की तरफ ले गये। कृपाल सिंह ने बताया कि केमू स्टेशन के पास एक युवक ने उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ दिया। इससे पहले कि वह संभल पाता, दूसरे युवक ने उस पर चाकू टेक दिया। इसके बाद दोनों उसका पर्स लूटकर फरार हो गये। पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस को अवगत कराया। पर्स में 9600 रूपये की नगदी बताई जा रही है। जबकि बदमाशों ने दूसरी घटना को प्रेम टॉकीज के पास अंजाम दिया। यहां हल्दूचौड़ में किसी काम से आये तिलौनी, पिथौरागढ़ निवासी चन्द्र प्रकाश नामक युवक को बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। वह प्रेम टॉकीज के पास पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी में बैठा। इस बीच चालक अन्य सवारियों की तलाश में निकल गया। बतौर चन्द्र प्रकाश उसके पास दो युवक आये और उससे सिगरेट पीने के लिए कहा। जब उसने मना किया तो एक युवक ने उसकी पेंट में ब्लेड मार दी। इसके बाद दोनों उसका पर्स लूटकर फरार हो गये। पर्स में 13700 की नगदी, एटीएम कार्ड व अन्य जरूरी कागजात बताये जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि वह कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना से अवगत कराया। लेकिन उसे टरका दिया गया। इस बीच पीड़ित को उसके कागजात राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग में मिले। चालक के साथ रोडवेज स्टेशन पहुंचे चन्द्र प्रकाश ने एक बदमाश को पहचान लिया और दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कुछ ही देर में दूसरे बदमाश को भी दबोचा गया और पुलिस को सौंपने ले जाने के दौरान वह कोतवाली गेट में गच्चा देकर फरार हो गया। इधर बदमाश की सुपुर्दगी के बारे में अभी तक पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












