कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मंत्री ने महिला के आरोपों को किया खारिज, बोले- सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट पहले ही हो चुका, छवि खराब करने वालों को कोर्ट में घसीटूंगा
समाचार सच, देहरादून डेस्क।
करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में महिला के दोबारा सामने आने और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब सियासी घमासान तेज हो गया है। महिला की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने भी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने महिला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा की सुनियोजित राजनीतिक साजिश करार दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी सीधा निशाना साधा।
हरक सिंह रावत ने तीखे अंदाज में कहा कि इस पूरे खेल की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की है और इसका अंत भी धामी की विदाई के साथ करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से प्रदेश में निकाली जा रही संकल्प और न्याय यात्रा तथा राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जा रहे मुद्दों से भाजपा घबरा गई है। उनके मुताबिक, जनता का ध्यान इन मुद्दों से हटाने के लिए पुराने प्रकरण को फिर से राजनीतिक चर्चा में लाया जा रहा है।
‘दीपावली पर भाजपा ने मुझे अनोखा तोहफा दिया’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरक सिंह रावत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने दीपावली के अवसर पर उन्हें यह कैसा तोहफा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला को तीन-चार दिन पहले सुनियोजित तरीके से देहरादून बुलाया गया और पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
उन्होंने अमित शाह की रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से काले झंडे दिखाए जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा इन राजनीतिक घटनाक्रमों से ध्यान हटाने के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट का दिया हवाला
हरक सिंह रावत ने अपने बचाव में वर्ष 2003 के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी और सीबीआई केंद्र सरकार के अधीन काम कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि मामले की सीबीआई जांच हुई थी, डीएनए टेस्ट भी कराया गया था और जांच में उन्हें क्लीन चिट मिली थी। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायालय से उन्हें राहत मिली थी और मामला पहले ही न्यायिक प्रक्रिया से गुजर चुका है।
हरक सिंह ने कहा कि जिस मामले का निपटारा न्यायालय में हो चुका है, उसे 23 साल बाद फिर से उठाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे न्यायालय के फैसले पर सवाल उठाने वाला कदम बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
अंकिता प्रकरण और पेपर लीक मामलों से ध्यान भटकाने का आरोप
पूर्व मंत्री ने भाजपा पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि जेनी प्रकरण को दोबारा उठाने के पीछे अंकिता भंडारी हत्याकांड और पेपर लीक जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मामलों को लेकर लगातार सवाल उठा रही है, जिससे भाजपा असहज है।
हरक सिंह रावत ने चेतावनी दी कि उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने महिला से जुड़े पुराने सीबीआई रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कुछ अन्य दावे भी किए, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
महिला ने मांगी है दोबारा जांच और डीएनए टेस्ट
गौरतलब है कि शनिवार को देहरादून पहुंची महिला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ष 2002-03 के दौरान अपने साथ कथित तौर पर हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला का दावा है कि उस समय उसकी उम्र महज 16 वर्ष थी। उसने आरोप लगाया कि उसे मानसिक चिकित्सालय में रखा गया और दबाव में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
महिला ने पुराने सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसके बेटे का सैंपल ही नहीं लिया गया तो डीएनए टेस्ट कैसे हुआ? उसने अपने 23 वर्षीय बेटे की पहचान के लिए नए सिरे से डीएनए जांच और पूरे मामले की दोबारा सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
महिला की शिकायत पर पुलिस जांच भी शुरू
इस बीच महिला की ओर से पुलिस मुख्यालय को दिए गए प्रार्थना पत्र पर देहरादून पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ डोईवाला को सौंपी है। ऐसे में एक तरफ हरक सिंह रावत पुराने सीबीआई और न्यायालय के फैसले का हवाला देकर आरोपों को खारिज कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ महिला नए सिरे से जांच की मांग पर अड़ी है।
करीब 23 साल पुराने इस प्रकरण ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब पुलिस जांच और दोनों पक्षों के दावों के बीच सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



