कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार तैयार, 5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को 1000 सफाईकर्मी, 300 शौचालय और खाद्य सुरक्षा की कड़ी निगरानी

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार। 30 जुलाई से शुरू हो रहे विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार पूरी तरह तैयार है। इस बार करीब 5 करोड़ कांवड़ियों के आगमन का अनुमान है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

नगर निगम ने कांवड़ मार्ग, हरकी पैड़ी, प्रमुख पार्किंग स्थलों और मेला क्षेत्र में 300 अस्थायी शौचालय स्थापित किए हैं। इसके साथ ही 1000 सफाई कर्मचारियों को 24 घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है, जो लगातार कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करेंगे। हरकी पैड़ी क्षेत्र में पहली बार दो आधुनिक सफाई मशीनें भी तैनात की गई हैं, जबकि आगामी कुंभ मेले के लिए 15 अत्याधुनिक मशीनें लगाने की योजना है।

सामान्य दिनों में हरिद्वार शहर से प्रतिदिन लगभग 250 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन कांवड़ मेले के दौरान यह मात्रा कई गुना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए हैं, ताकि मेला क्षेत्र में कहीं भी गंदगी का अंबार न लगे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्ड की औषधीय विरासत को मिला नया दस्तावेज, मुक्त विश्वविद्यालय में जड़ी-बूटियों पर आधारित संदर्भ पुस्तक का विमोचन

दूसरी ओर, श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। पिछले 15 दिनों में विभाग ने 40 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं तथा विभिन्न मामलों में 7 वाद न्यायालय में दायर किए हैं। हाल ही में श्यामपुर क्षेत्र की एक डेयरी पर कार्रवाई करते हुए लगभग 50 किलो संदिग्ध पनीर जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए भेजा गया तथा लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

यह भी पढ़ें -   16 दिन पहले शुरू हुआ ट्रैफिक, बारिश में बैठी एप्रोच रोड… देहरादून में करोड़ों के पुल पर उठे निर्माण गुणवत्ता के सवाल

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एम.एन. जोशी ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों, भंडारों और दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ ओवररेटिंग पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र से कूड़े का लगातार उठान कर उसे तत्काल निस्तारण केंद्र भेजा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440