पिथौरागढ़ के हर्षित पाण्डेय का क्रिकेट में धमाका, उत्तराखंड की अंडर-16 टीम में चयन; घरेलू क्रिकेट में जड़ चुके हैं 10 शतक

खबर शेयर करें

समाचार सच, पिथौरागढ़।
पहाड़ की प्रतिभाएं एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी चमक बिखेर रही हैं। पिथौरागढ़ जिले के विण ब्लॉक स्थित पतलगांव जाखनी निवासी युवा क्रिकेटर हर्षित पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी 2026 के लिए उत्तराखंड की अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।

दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हर्षित अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ शानदार क्षेत्ररक्षण के लिए भी पहचाने जाते हैं। कम उम्र में ही उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अब तक वह 10 शतक लगा चुके हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्हें प्रदेश की टीम में जगह मिली है।

पहले भी दिखा चुके हैं प्रतिभा, अंडर-14 कैंप में भी हुआ था चयन
हर्षित पाण्डेय इससे पहले अंडर-14 राज सिंह डूंगरपुर क्रिकेट ट्रॉफी के लिए आयोजित उत्तराखंड कैंप में भी चयनित हो चुके हैं। लगातार अलग-अलग आयु वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में चयन उनके क्रिकेट करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें -   छह माह के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, जयकारों के बीच मुखबा रवाना हुई मां गंगा की डोली

उत्तराखंड टीम के साथ लखनऊ रवाना हुए हर्षित
पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव उमेश चन्द्र जोशी ने बताया कि हर्षित उत्तराखंड की टीम के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2026 में उत्तराखंड की टीम को कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गोवा और महाराष्ट्र जैसी टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं।

इन प्रतियोगिताओं में हर्षित के पास अपनी बल्लेबाजी का हुनर दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अच्छा अवसर होगा।

यह भी पढ़ें -   भैया दूज पर बहन मां यमुना को विदा कराने पहुंचे शनिदेव, 10:28 बजे बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट

माता-पिता और क्रिकेट एसोसिएशन को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस उपलब्धि पर हर्षित ने अपनी माता संध्या पाण्डेय, पिता भुवन चन्द्र पाण्डेय, गुरुजनों और पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन का आभार जताया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने क्रिकेट के सफर में उनका मार्गदर्शन और सहयोग किया।

जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
हर्षित के उत्तराखंड टीम में चयन पर पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जोशी, सचिव उमेश चन्द्र जोशी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। सभी ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हर्षित की यह उपलब्धि पिथौरागढ़ के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है। अब खेल प्रेमियों की निगाहें विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440