समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का पारंपरिक समापन भले ही होने जा रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दर्शन का सिलसिला थमने वाला नहीं है। प्रदेश में 12 नवंबर 2026 से शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इसके तहत गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में सालभर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके लिए शीतकालीन गद्दी स्थलों पर सुविधाएं विकसित करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से तैयार किया जा रहा है।
चारों धामों के कपाट बंद होने के बाद यहां होंगे दर्शन
शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को चारों धामों के देव विग्रहों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित हैं।
मां गंगा: उत्तरकाशी जिले के मुखबा गांव में मां गंगा की पूजा-अर्चना होगी।
मां यमुना: खरसाली स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पर श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
बाबा केदारनाथ: ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की पूजा होगी।
भगवान बदरी विशाल: पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर में शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
इस व्यवस्था के चलते सर्दियों में भी श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचकर चारों धामों से जुड़ी धार्मिक परंपराओं और दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
तीन धामों के कपाट बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम होगा बंद
शीतकालीन यात्रा की तैयारियों के बीच चारधामों के कपाट बंद होने की प्रक्रिया भी जारी है। 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ बंद कर दिए गए।
इसके बाद 11 नवंबर को यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो रहे हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही शीतकालीन प्रवास स्थलों पर नियमित पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो जाएगा।
इस साल चारधाम पहुंचे 60 लाख से अधिक श्रद्धालु
वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी आमद देखने को मिली है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 9 नवंबर तक चारों धामों में कुल 60 लाख 50 हजार 312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे।
धामवार आंकड़ों पर नजर डालें तो गंगोत्री में 10,06,463, यमुनोत्री में 8,84,289, केदारनाथ में 19,13,815 और बदरीनाथ में 22,45,745 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इन आंकड़ों से साफ है कि उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं में इस साल भी जबरदस्त उत्साह रहा।
सर्दियों में भी गुलजार रहेंगे उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन स्थल
राज्य सरकार शीतकालीन चारधाम यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसके माध्यम से पूरे साल पर्यटन गतिविधियों को जारी रखने की योजना पर काम कर रही है। शीतकालीन गद्दी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ आसपास के गांवों और पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है।
मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार इस वर्ष चारधाम यात्रा का सीजन अच्छा रहा है और अब शीतकालीन यात्रा को भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
ऐसे में 12 नवंबर से शुरू होने वाली शीतकालीन चारधाम यात्रा उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई गति देने के साथ स्थानीय कारोबार, होटल व्यवसाय और रोजगार के अवसरों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



