ऋषिकेश में होटल के अंदर चल रहा था हाई-प्रोफाइल जुआ, पुलिस की रेड में 40 लोग गिरफ्तार, पूरी चौकी निलंबित

खबर शेयर करें

समाचार सच, ऋषिकेश। देहरादून जिले के ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने कथित तौर पर चल रहे हाई-प्रोफाइल जुआ (कैसीनो) का भंडाफोड़ किया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में स्थानीय निवासियों के अलावा अन्य जिलों और राज्यों से आए लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में जुआ सामग्री और नकदी बरामद हुई। आरोपियों के कब्जे से 3356 कैसीनो क्वाइन (टिक्की), करीब 1.37 लाख रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद की गईं। इससे साफ संकेत मिलता है कि यह अवैध गतिविधि बड़े स्तर पर संगठित तरीके से संचालित की जा रही थी।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में बड़ा राजनीतिक झटकाः BJP के 6 दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस जॉइन की, चुनाव से पहले बदले सियासी समीकरण

सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम की धाराओं 3/4/5 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि की जा सके।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह अवैध जुआ पार्टी हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में संचालित हो रही थी। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी के स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के तहत कुल 12 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में सियासी हलचल तेजः 6 बड़े नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा, चुनाव से पहले बदलेगा समीकरण?

एसएसपी के अनुसार, यदि स्थानीय पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग और निगरानी की जाती, तो इस तरह की गतिविधि को पहले ही रोका जा सकता था। इस सख्त कदम के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश दिया गया है कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई की शुरुआत एक गोपनीय सूचना से हुई थी, जिसके आधार पर विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। इस दौरान यह भी सामने आया कि इस जुआ पार्टी में दिल्ली, मेरठ, नोएडा और हरियाणा से भी लोग शामिल होने के लिए पहुंचते थे।

पुलिस ने इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। साथ ही आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440