मोटाहल्दू में भीषण अग्निकांड, दो सौ श्रमिकों की झोपड़ियां स्वाहा

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी (रिम्पी बिष्ट)। मोटाहल्दू में शुक्रवार को भीषण अग्निकांड हो गया। यहां आग से लगभग दो सौ श्रमिकों की झोपड़ियां स्वाहा हो गई। जिसमें घरेलू सामान के अलावा नगदी जलकर राख हो गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सबकुछ तबाह हो चुका था।मोटाहल्दू खनन निकासी गेट में गौला श्रमिकों ने झोपड़ियां बनाई हुई हैं।

नित्य की भांति शुक्रवार को भी श्रमिक गौला नदी में रेता-बजरी छानने चले गये। दोपहर में अचानक उनकी झोपड़ियों में आग लग गई। इससे पहले कि आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते आग एक के बाद एक कई झोपड़ियों में फैल गई। सूचना पर काम कर रहे श्रमिक भी आनन-फानन में झोपड़ियों की तरफ दौड़ पड़े। लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस बीच सूचना पर दमकल वाहनों के साथ ही पुलिस-प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। इन झोपड़ियों के घास-फूस की बनी होने के चलते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक सबकुछ स्वाहा हो चुका था। इस भीषण अग्निकांड में करीब दो सौ श्रमिकों की झोपड़ियां राख होना बताया जा रहा है। गौला ठेकेदार के अनुसार यहां करीब 500 श्रमिक निवास करते हैं। इस अग्निकांड में श्रमिकों की नगदी के साथ-साथ राशन, बिस्तर, कपड़े व अन्य सामान जल गया। जिसके चलते यह श्रमिक अब छत विहीन हो गए हैं। आग लगने का कारण एक झोपड़ी से चिंगारी का उठना बताया जा रहा है। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया है। बहरहाल इस अग्निकांड में हुए नुकसान की पूर्ण जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में तिकोनिया वाइन शॉप में भीषण अग्निकांड, रातोंरात राख हुआ करोड़ों का स्टॉक

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440