नम आंखों ने सैन्य सम्मान के बीच शहीद पनेरू को दी अंतिम विदाई

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। कुपवाड़ा में शहीद उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी सूबेदार यमुना प्रसाद पनेरू का आज रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शहीद यमुना अमर रहे के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। परिवार के लोगों के साथ ही पूरे गांव ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।

शहीद यमुना प्रसाद का शव शनिवार शाम को हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी आर्मी स्टेशन पहुंचा था। आर्मी ग्राउंड पर सेना के जवानों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शव को उनके घर सड़क मार्ग से पहुंचाया गया। सूबेदार यमुना बृहस्पतिवार सुबह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में पेट्रोलिंग के दौरान शहीद हो गए थे। वे कुपवाड़ा के गुरेज सेक्टर में तैनात थे। मूलरूप से ओखलकांडा ब्लॉक के पदमपुर मीडार गांव निवासी यमुना प्रसाद पनेरू (39) पुत्र स्व. दयाकिशन पनेरु फरवरी 2002 में रानीखेत में कुमाऊं रेजिमेंट की छह कुमाऊं में भर्ती हुए थे। उन्होंने प्राइमरी शिक्षा मीडार से ली। इसके बाद 12वीं पास हरिद्वार से और एमएससी देहरादून से किया। सेना में भर्ती होने के बाद यमुना प्रसाद सेना के पर्वतारोही दल में शामिल हुए और 2012 में उन्होंने एवरेस्ट फतह किया। वे एवरेस्ट फतह करने वाले 6 कुमाऊं के पहले फौजी बने।

यह भी पढ़ें -   विकास पुरुष नारायण दत्त तिवारी की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं दीपक बल्यूटिया

शहीद का पार्थिव शरीर जैसे ही रविवार प्रातः उसके घर पहुंचा तो शहीद की पत्नी, मां व बच्चे उसके पार्थिव शरीर से लिपटकर रोने लगे। जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद शहीद की अंतिम यात्रा उनके आवास से रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में शामिल होने वाली हर आंख नम थी। चित्रशिला घाट पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिह रावत की ओर से परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्वांजलि दी। इस दौरान विधायक राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एसडीएम विवेक रॉय, स्टेशन कमांडर कर्नल अमित मोहन सहित सेना के कई अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे। इससे पहले शहीद के घर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, विधायक नवीन दुमका ने घर पहुंच कर पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।

Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440