समाचार सच, हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के रिटायर्ड अधिकारी को सम्मोहित कर सोने के आभूषण ठगने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो ठगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने ठगों को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया है। बीती 19 जनवरी को मुखानी थाना क्षेत्र में सम्मोहित कर सोने की चेन व अंगूठी ठगने का मामला प्रकाश में आया था। स्वास्थ्य विभाग से संयुक्त निदेशक पर से रिटायर्ड मंगला कालोनी तल्ला लोहरियासाल, ऊंचापुल निवासी डॉ प्रमोद चन्द्र गुरूरानी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी डॉ जगदीश चन्द्र ने बताया कि इस मामले में दो ठगों को हैड़ाखान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। ठगों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर शहर भर के करीब 90 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
एसएसपी ने बताया कि उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त व्हाट्सअप ग्रुप में घटना की जानकारी भेजी गई। जिसके आधार पर ठगों की पहचान विनोद शर्मा पुत्र संपूर्णानंद शर्मा निवासी राजनगर थाना हरदुवागंज, अलीगढ़ व कालीचरण पुत्र रामचरण निवासी दहौरिया थाना भितरी, चौनपुर बरेली के रूप में की गई। इसके बाद दोनों को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह एक और वारदात को अंजाम देने के लिए शिकार की तलाश में थे। पकड़े गये ठग लगभग 35 वर्षों से इस तरह की वारदातों को अंजाम देते चले आ रहे हैं। वह अब तक उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इस तरह की ठगी की कई वारदातें कर चुके हैं। दोनों के अब तक 11 वारदातों को अंजाम देना सामने आ चुका है। जबकि उनके अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी के लिए कई थाना पुलिस से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। पुलिस ने पकड़े गये ठगों को कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। खुलासे के दौरान सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी व कोतवाल संजय कुमार भी मौजूद रहे। जबकि सफलता प्राप्त करने वाली टीम में मुखानी एसओ सुशील कुमार, एसआई निर्मल लटवाल, महेश जोशी, त्रिभुवन जोशी, कांस्टेबल विरेंद्र रावत, नरेंद्र राणा शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












