समाचार सच, नैनीताल (रिपोर्ट: मिथुन जायसवाल)। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले ऊर्जा निगम ने बकाया राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नैनीताल, भीमताल और भवाली डिवीजन में करोड़ों रुपये की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
ऊर्जा निगम अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बकाया भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे।
ऊर्जा निगम के अभियंता एस.के. सहगल ने बताया कि नैनीताल, भीमताल और भवाली डिवीजनों में घरेलू उपभोक्ताओं पर कुल 7.91 करोड़ रुपये का बकाया है, जबकि विभिन्न सरकारी विभागों पर 1.23 करोड़ रुपये की देनदारी है। बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, नैनीताल डिवीजन के 6280 उपभोक्ताओं पर 2.61 करोड़ रुपये, भवाली के 6613 उपभोक्ताओं पर 1.41 करोड़ रुपये और भीमताल के 18115 उपभोक्ताओं पर 3.89 करोड़ रुपये बकाया है। कुल मिलाकर इन तीनों डिवीजनों से 7.91 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है।
इसके अलावा 645 सरकारी विभागों से भी 1.23 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है।
बड़े सरकारी बकायेदारों में शामिल
शिक्षा विभाग: 42.36 लाख रुपये
पीडब्ल्यूडी : 27.01 लाख रुपये
बीएसएनएल: 7.09 लाख रुपये
जिला प्रशासन: 4.23 लाख रुपये
ऊर्जा निगम ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अधिकतम वसूली सुनिश्चित की जाएगी और बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



