अगर आप वाहनों को घर के बाहर खड़ा करते हैं तो हो जाये सावधान, टप्पेबाजों ने दो कारों के शीश तोड़ उड़ाये बैटरे व सामान

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। अगर आप अपने वाहनों को घर के बाहर खड़ा करते हैं तो हो जाये सावधान, क्योंकि त्यौहारों में अपराधी भी सक्रिय हो गये हैं। आए दिन नगर में कोई न कोई वारदातें घटित हो रही हैं। वाहन चोर, ठगों के बाद अब टप्पेबाजों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। बीती रात टप्पेबाजों ने दो कारों के शीशे तोड़ दिये। चोर उनमें से बैटरे समेत अन्य सामान ले उड़े हैं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा कर साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा के लाइन नंबर 9 में रहने वाले मोहम्मद मियां पुत्र मोहम्मद अली ने अपनी दो कारें (यूके 04टीए-1999 व यूके 03टीए-0514) बीते दिवस रेलवे स्टेशन के पास पार्क कर दी। इसके बाद वह घर चला आया। रात में टप्पेबाजों ने उसकी दोनों कारों के शीशे तोड़ दिये।
मंगलवार की प्रातः जब उसका परिचित रेलवे स्टेशन गया तो कारों के शीशे टूटे देख दूरभाष पर उसे अवगत कराया। इस सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और इसकी सूचना बनभूलपुरा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर कार स्वामी से जानकारी जुटाई। कार स्वामी ने पुलिस को बताया कि टप्पेबाज कारों से बैटरे समेत अन्य सामान चोरी कर ले गये हैं। पुलिस टप्पेबाजों का पता लगाने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस इस घटना को नशेड़ियों की करतूत मानकर भी अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि शाम के समय रेलवे स्टेशन के आस-पास नशेड़ियों का आना-जाना लगा रहना भी सामने आ रहा है। इस बिन्दु को ध्यान में रखकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि टप्पेबाजों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यहां बता दें कि त्यौहारी सीजन को लेकर जहां पुलिस विशेष चौकसी का दावा कर रही है। वहीं अपराधियों की सक्रियता भी लगातार बढ़ती जा रही है। नगर में आए दिन कोई न कोई अपराधिक वारदात घटित हो रही है। जिनमें से अधिकांश का खुलासा नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं और जनता दहशत के साये में जीने को विवश है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440