CM धामी के निर्देश: खाद्यान्न, LPG और जरूरी सामान की सप्लाई पर 24 घंटे निगरानी, अफवाहों से दूर रहने की अपील
समाचार सच, देहरादून। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर बन रही परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य में खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (SEOC) में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती अग्रिम आदेशों तक के लिए कर दी गई है। इनकी जिम्मेदारी प्रदेश में खाद्यान्न और अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करना होगी।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, तैनात अधिकारी प्रदेश में खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण प्रणाली की नियमित समीक्षा करेंगे। साथ ही खाद्य एवं रसद से जुड़ी सूचनाओं का लगातार संकलन और विश्लेषण किया जाएगा, ताकि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि प्रदेशवासियों को जरूरी वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
सीएम ने यह भी कहा कि प्रदेश में खाद्य और जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश में खाद्य एवं रसद आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी और किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने में सहूलियत होगी।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



