समाचार सच, देहरादून डेस्क। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इस दौरान पुलिस का वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी मामले की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी देर रात भी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर वे पुलिस की नजरों से बचने का प्रयास कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है और उनके आपराधिक नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



